एरिया 51 क्यों है पृथ्वी की सबसे रहस्यमयी जगह, क्या सच में वहां बंधक बनाए गए हैं एलियंस

एरिया 51 का नाम तो आपने सुना ही होगा। यह अमेरिका के नेवादा में स्थित दुनिया की सबसे रहस्यमयी जगह है। इन दिनों यह जगह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि इमर्सिव एंटरटेनमेंट नाम की एक कंपनी ने एरिया 51 पर छापा मारने की घोषणा की है,

इस आस में कि वहां पर उसे एलियंस यानी परग्रही देखने को मिलेंगे। कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि इस पूरे घटनाक्रम का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।

इस कंपनी का दावा है कि एलियंस एरिया 51 में बंधक बनाकर रखा गया हैं, उन्हें आजाद कराया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस क्षेत्र में घुसपैठ करने के लिए लोग इकट्ठा भी होने लगे हैं। लोगों का कहना है कि वो एलियन देखकर ही जाएंगे।

ऐसे में एक सवाल यह भी उठता है कि क्या सच में एरिया 51 में एलियंस को बंधक बनाकर रखा गया है? अगर नहीं तो ये जगह आज तक इतनी रहस्यमयी क्यों बनी हुई है और बाहरी लोगों को इस जगह के बारे में कोई जानकारी क्यों नहीं दी गई है?

रिपोर्ट्स के अनुसार, एरिया 51 में अमेरिका का एयर फोर्स बेस है, लेकिन इसके अंदर क्या होता है, यह पूरी तरह से अमेरिका द्वारा गुप्त रखा गया है। यहां कई जगहों पर चेतावनी भरे बोर्ड लगे हुए हैं, इस जगह की हर समय सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाती है। इसके अलावा सशस्त्र गार्ड पूरे इलाके की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। यहां तक कि एरिया 51 के ऊपर से किसी भी विमान की उड़ान प्रतिबंधित है।

बीबीसी के अनुसार, एरिया 51 को अमेरिका और सोवियत संघ के बीच शीत युद्ध के दौरान विमान के परीक्षण और विकास के लिए बनाया गया था। हालांकि यह साल 1955 में खोल दिया गया था, लेकिन कई सालों तक इस जगह के बारे में लोगों को पता ही नहीं था।

पहली बार इसके अस्तित्व को साल 2013 में सीआईए ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया था। जिसके चार महीने बाद तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी सार्वजनिक तौर पर एरिया 51 का जिक्र किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *