लखनऊ: ‘वीकेंड लॉकडाउन’ पर DM ने पलटा अपना आदेश, अब ये नियम होंगे लागू
उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीकेंड लॉकडाउन का प्रावधान पूरे प्रदेश में लागू किया है। लेकिन लखनऊ में जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने इसके अतिरिक्त साप्ताहिक बंदी के साथ ही बाजार खुलने के समय में फेरबदल और ऑड-इवन की व्यवस्था उन्होंने लागू की थी।
लेकिन अब अपने उस आदेश को पलटते हुए उन्होंने शासन द्वारा पूरे प्रदेश में लागू व्यवस्था को ही अपनाया है। अब चीफ सेक्रेटरी आरके तिवारी के जरिये जारी सभी नियम ही लखनऊ में होंगे लागू। यानि अब लखनऊ में शुक्रवार की रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। शनिवार और रविवार को पूरे लखनऊ में सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
ग्रमीण इलाक़ो के सभी बाजार मंडी और व्यवसायिक गतिविधियां भी बंद रहेंगी। हफ्ते के बाकी दिनों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के खुलने का समय सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा। सभी धार्मिक स्थल सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए खोले जा सकेंगे। लखनऊ में सभी छोटे-बड़े उद्योग चलते रहेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं पर लॉकडाउन का कोई असर नहीं होगा।