200 साल पुराने तीन लव लेटर्स, 4 करोड़ में हुए नीलाम

फ्रांस से एक दिलचस्प मामला सामने आया है, ड्रोउ नीलामघर की जानकारी के मुताबिक यहां के शासक नेपोलियन बोनापार्ट द्वारा उनकी पत्नी जोसेफाइन को लिखे गए तीन प्रेम पत्र कुल 575,000 डॉलर यानि की (करीब 3.97 करोड़ रुपए) में नीलाम किए गए हैं। तीनों पत्र सन् 1796 से 1804 के बीच में लिखे गए थे।

सन् 1796 में इटली अभियान के दौरान लिखे गए एक पत्र में नेपोलियन ने कहा, “मेरी प्यारी दोस्त, तुम्हारी ओर से कोई पत्र नहीं मिला। जरूर कुछ खास चल रहा है, इसलिए आप अपने पति को भूल गई हैं। काम और बेहद थकावट के बीच में केवल और केवल आपकी याद आती है।’’

फ्रेंच एडर और एगुट्स हाउसों की ओर से ऐतिहासिक थीम पर आधारित नीलामी में एक दुर्लभ इनिग्मा एन्क्रिप्शन मशीन को भी शामिल किया गया था। इसका इस्तेमाल जर्मनी ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान किया था। इसकी नीलामी 48,100 यूरो (करीब साढ़े 37 लाख रुपए) में हुई। पिछले साल हुई 14 नीलामियों में 26.4 मिलियन यूरो (करीब 205 करोड़ रुपए) की नीलामी हुई थी।

15 अगस्त 1769 को जन्मे नेपोलियन को फ्रांसीसी क्रांति (1789) का बेटा कहा जाता है। क्रांति के बाद नेपोलियन ने फ्रांस का नेतृत्व किया था। 19वीं सदी की शुरुआत में उसने लगभग पूरे यूरोप पर अधिकार कर लिया था। सन् 1804 से 1815 तक वह फ्रांस का शासक रहा। ब्रिटेन के नेल्सन से ट्रैफलगर के युद्ध में हार के बाद नेपोलियन को निर्वासित कर कोर्सिका द्वीप भेज दिया गया तो वहीं 1821 में उसकी मौत हो गई।

जोसेफाइन का असली नाम मैरी रोज था, वो एक विधवा थी और उसके दो बच्चे थे। 1804 में नेपोलियन ने फ्रांस का शासक बनने से एक दिन पहले जोसेफाइन से शादी कर ली। सन् 1809 में नेपोलियन ऑस्ट्रिया के खिलाफ लड़ने के लिए बावेरिया जा रहा था। जोसेफाइन ने भी साथ चलने की जिद की लेकिन नेपोलियन ने बात नहीं मानी। अभियान से लौटकर आने के बाद नेपोलियन ने जोसेफाइन को तलाक दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *