जानिए शोल्डर प्रेस व्यायाम करने का सही तरीका और लाभ

स्वस्थ और आकर्षक शरीर के लिए कंधों की मजबूती सबसे जरूरी होती है। कंधों को मजबूती देने के लिए कई सारे व्यायाम हैं, जिनमें शोल्डर प्रेस का विशेष महत्व है। शोल्डर प्रेस को ओवरहेड प्रेस व्यायाम के नाम से भी जाना जाता है। शरीर के ऊपरी हिस्से की मांसपेशियों के साथ कंधे की मांसपेशियों को सुडौल और आकर्षक बनाने के लिए यह व्यायाम खूब प्रचलित है। स्क्वाट, डेडलिफ्ट और बेंच प्रेस के साथ शोल्डर प्रेस व्यायाम कंधों को चौड़ा और मजबूत बानने के लिए जिम में सबसे ज्यादा प्रयोग में लाया जाता है।

यह व्यायाम आकर्षक शरीर की चाहत रखने वालों के लिए जितना लाभदायक ​है, इसका गलत तरीका उतना ही नुकसान भी पहुंचा सकता है। मतलब इस व्यायाम को करने से पहले, इसे सही ढंग से कैसे करना है यह जान लेना सबसे जरूरी होता है। शोल्डर प्रेस करते समय पेट की मांसपेशियों, पैरों और पीठ के निचले हिस्से में स्थिरता बनी रहती है, और हाथों की मदद से डंबल को सिर के ऊपर की ओर ले जाना होता है।

शोल्डर प्रेस व्यायाम करने का सही तरीका –
इस व्यायाम को सही तरीके से करने के लिए किसी प्रशिक्षक के सहयोग लेने की सलाह दी जाती है। जब आप भार को सिर के ऊपर की ओर उठा रहे होते हैं तो काफी सवाधानी बरतने की जरूरत होती है। इस व्यायाम को करने से पहले सुनिश्चित करें किसी प्रकार की चोट से बचने के लिए आपने सभी आवश्यक वार्मअप व्यायाम कर लिए हैं।

इस व्यायाम का किन मांसपेशियों पर होता है असर

प्राइमरी मांसपेशियां : डेल्टोइड्स, ऊपरी छाती, ऊपरी पीठ और ट्राइसेप्स
सेकेंडरी मांसपेशियां : कूल्हे, पैर (खड़े होते समय), बाइसेप्स और पीठ का निचला हिस्सा
कौन कर सकता है यह व्यायाम

यह व्यायाम पेशेवरों के लिए है, अनुभवी लोग इसे कर सकते हैं।

उपकरण की आवश्यकता

एक बारबेल
वजन वाले प्लेट्स (आपकी क्षमता के अनुसार)
सेट और रैप

15 रैप के 3 सेट

कैसे करना है यह व्यायाम

खड़े होकर सबसे पहले बारबेल रॉड को अपने कंधों से ऊपर की ओर आराम से ले जाएं।
कंधे की चौड़ाई पर बारबेल को पकड़ें और ऊपर की ओर उठाएं।
अपने कोर, पैर और पीठ के निचले हिस्से पर जोर देते हुए रॉड को अपने सिर के ऊपर की ओर उठाएं। और कुछ सेकेंड के लिए रोकें।
बारबेल को अब कंधों तक वापस लाएं। यह एक रैप है। एक सेट पूरा कर लेने के ​बाद बारबेल को रख दें और कुछ समय के आराम जरूर करें।

शोल्डर प्रेस व्यायाम के लाभ –
सिर के ऊपर की ओर भार उठाने में सक्षम होना न केवल मांसपेशियों की शक्ति को दिखाता है साथ ही इसका शरीर पर जबरदस्त प्रभाव पड़ता है। शोल्डर प्रेस व्यायाम भी ऐसा ही है। इस व्यायाम के करने से निम्नलिखित फायदे हो सकते हैं।

कंधों के लिए सबसे अच्छा व्यायाम : शरीर के अधिकांश अन्य हिस्सों को आकार और शक्ति देने के लिए जहां कई प्रकार के व्यायाम की जरूरत होती है, वहीं इस मात्र एक व्यायाम से कंधे की सभी मांसपेशियों को सक्रिय किया जा सकता है। शोल्डर प्रेस व्यायाम से पीठ के उपरी हिस्से, छाती के साथ-साथ हाथ की मांसपेशियों को भी मजबूती मिलती है।

शक्ति और स्थिरता : इस व्यायाम को खड़े और बैठकर दोनों तरीकों से किया जा सकता है। खड़े होकर इस व्यायाम को करने से शरीर की स्थिरता और संतुलन को बढ़ावा मिलता है। यह पेट की मांसपेशियों के साथ-साथ ये कोर मांसपेशियों को मजबूती देने में भी सहायक है।

शारीरिक बनावट को बेहतर बनाता है : स्टैंडिंग शोल्डर प्रेस आपकी शारीरिक बनावट को आकर्षक बनाने में मददगार है। अगर आप पूरे दिन दफ्तर के काम में लगे रहते हैं तो यह व्यायाम आपकी हड्डियों को मजबूत रखने में काफी सहायक हो सकता है। खड़े होकर इस व्यायाम को करने से पैर, जांघ, कूल्हे, कोर, छाती, हाथ और कंधे की मांसपेशियों को यह मजबूत बनाने में सहायक होता है।

कंधों को आकर्षक बनाता है : व्यक्ति को आकर्षक बनाने में कंधों का बड़ा योगदान होता है। यह व्यायाम कंधों को आकर्षक बनाने के​ साथ उन्हें मजबूती भी प्रदान करता है। इतना ही नहीं, इस व्यायाम से बाहों और धड़ को भी आकार मिलता है।

कोर मांसपेशियों के लिए फायदेमंद : सिर के ऊपर किसी भी वजन के दौरान बनी मुद्रा में शरीर की कोर मांसपेशियां सक्रिय अवस्था में आ जाती हैं। इस व्यायाम के दौरान पेट के साथ पीठ के निचले हिस्से की मांसपेशियों को भी मजबूती मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *