जानिए खाना खाने का सही समय क्या है और खाना खाने के बाद क्या करना चाहिए

क्या आप जानतें हैं खाना खाने का सही समय क्या है? आमतौर पर एक स्वस्थ शरीर के लिए भोजन आवश्यक है। लेकिन इससे भी ज्यादा सही समय पर भोजन करना आवश्यक है। भोजन करने से हमारे शरीर को ऊर्जा मिलती है जिसके कारण हम सक्रिय होकर अपने रोजमर्रा के कार्य कर पाते हैं। भोजन हमारे शरीर के लिए ईंधन का कार्य करता है। इससे न सिर्फ हमें पोषक तत्व मिलता है बल्कि यह हड्डियों को मजबूत करने और मांसपेशियों को बेहतर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यही कारण है कि एक स्वस्थ जीवन के लिए भोजन बेहद जरूरी है। लेकिन वास्तव में भोजन के भी कुछ नियम होते हैं। भोजन करने का सही समय, खाना खाने का तरीका क्या है और खाना खाने के बाद क्या करना चाहिए।

भोजन करने का सही समय क्या है –
आमतौर पर हर उम्र के लोगों के लिए भोजन करने का एक निर्धारित समय है। अगर आप सही समय पर भोजन करते हैं तो इससे आपको अपने स्वास्थ एवं जीवन में फर्क नजर आएगा।

नाश्ता करने का सही समय –
आमतौर पर नाश्ते को दिन का पहला भोजन माना जाता है। अगर नाश्ता करने के सही समय की बात करें तो सुबह जगने के दो घंटे के भीतर नाश्ता कर लेना चाहिए। सुबह नाश्ता करने का उत्तम समय पांच बजे से दस बजे के बीच होता है। इसके बाद नाश्ता नहीं करना चाहिए। आजकल बहुत कम लोग सुबह का नाश्ता करते हैं जिसके कारण मोटापा बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा व्यक्ति डायबिटीज, उच्च रक्तचाप सहित विभिन्न तरह की बीमारियों से ग्रस्त हो जाता है। नाश्ते में प्रोटीन युक्त खाद्य वस्तुएं खाना चाहिए और होल ग्रेन टोस्ट, नट बटर, फल, जूस एवं अंकुरित दालों का सेवन करना चाहिए।

लंच (दोपहर का भोजन) करने का सही समय –
कहा जाता है कि दोपहर का भोजन राजा की तरह करना चाहिए। इसका अर्थ यह है कि आपको दोपहर के भोजन में स्वास्थ्यवर्धक सभी चीजें शामिल करना चाहिए जिससे आपको पर्याप्त कैलोरी प्राप्त हो सके। दोपहर का भोजन करने का अच्छा समय 12 बजकर 45 मिनट है। आपको बारह बजे से बारह बजकर पैंतालिस मिनट तक भोजन कर लेना चाहिए। दोपहर के भोजन के लिए यही अच्छा समय माना जाता है। हालांकि आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि आपके नाश्ते और दोपहर के भोजन के बीच चार घंटे का अंतराल होना चाहिए। दोपहर के भोजन का समय दो या ढाई बजे से अधिक देर करके नहीं करना चाहिए। यह आपके स्वास्थ के लिए बेहतर होगा।

रात के भोजन का सही समय –
आमतौर पर हर व्यक्ति जानता है कि उसे रात में किस तरह का भोजन करना चाहिए। वास्तव में कुछ लोग रात में भी दोपहर की तरह भारी भोजन करते हैं जिसके कारण पाचन क्रिया खराब हो जाती है। रात का भोजन अगर संभव हो तो आठ बजे से पहले कर लेना चाहिए। आपको रात का भोजन करने और अपने सोने के समय के बीच कम से कम तीन घंटे का अंतराल रखना चाहिए। रात का भोजन साढ़े आठ या नौ बजे के बाद ना करें तो बेहतर है। रात में सोने से ठीक पहले भोजन करने से आपकी नींद की गुणवत्ता खराब हो सकती है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें।

भोजन करने के तुरंत बाद पानी ना पीएं –
अगर आप आयुर्वेद के नियमों का पालन करते हैं या डॉक्टर की सलाह मानते हैं तो आपको भोजन करने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। ऐसा करने से आपका पेट खाने के अलावा पानी से भी भर जाता है जिसके कारण आपको बहुत भारीपन महसूस होता है और खाना पचने में भी समय लगता है। इसलिए अपने भोजन करने के तरीकों को सुधारें और खाने के तुरंत बाद पानी ना पीएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *